पश्चिम बर्दवान के सालानपुर थाना इलाके में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। चित्तरंजन-आसनसोल रोड पर स्थित देंदुआ मोड़ पर एक तेज रफ्तार मालवाहक ट्रक ने 70 वर्षीय बुजुर्ग को जोरदार टक्कर मार दी। घायल बुजुर्ग की पहचान देंदुआ निवासी करुणामय दे के रूप में हुई है। इस हादसे में बुजुर्ग ट्रक के पहिये की चपेट में आ गए, जिससे उनके कमर और दाहिने पैर में गंभीर चोटें आई हैं।

हादसा तब हुआ जब डाबर मोड़ की तरफ से आ रहा एक ट्रक देंदुआ मोड़ पर मुड़ रहा था। उसी समय बुजुर्ग सड़क पार कर रहे थे। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। लोगों का आरोप था कि व्यस्त चौराहे पर पुलिस की तैनाती के बावजूद यह हादसा हुआ और मौके पर एंबुलेंस या पुलिस वाहन समय पर नहीं पहुंचा।

काफी मशक्कत के बाद ईसीएल की एक गाड़ी से घायल बुजुर्ग को आसनसोल जिला अस्पताल इलाज के लिए भेजा गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि देंदुआ मोड़ पर भारी वाहनों की आवाजाही और सड़क किनारे खड़े होने वाले ईसीएल के वाहनों के कारण यहां जाम की समस्या बनी रहती है, जो अक्सर दुर्घटनाओं का कारण बनती है। लोगों ने बताया कि करीब तीन महीने पहले यहां से ‘नो एंट्री’ की व्यवस्था हटा दी गई थी, जिससे स्थिति और बिगड़ गई है।

करीब एक घंटे तक चले हंगामे और जाम के बाद सालानपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हरसंभव मदद और आर्थिक सहायता का आश्वासन दिया, जिसके बाद जाम को हटाया गया। स्थानीय लोगों ने अब प्रशासन से मांग की है कि इस मोड़ पर ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए और भारी वाहनों की रफ्तार पर लगाम लगाई जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।

Latest For You.

6 years Auto news expert. Lakhan belongs from Patna and write news, views, reviews and interviews for Automobile updates.

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *